9वीं के छात्र ने किया 10वीं के छात्र पर जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सेवंथ डे एडवांटीज चर्च स्कूल में मंगलवार को 9वीं कक्षा के छात्र ने मामूली बहस के बाद 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गुस्साए परिजनों और भीड़ का बवाल

वारदात के बाद मृतक छात्र के परिजनों और सिंधी समाज के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते हजारों लोग स्कूल के बाहर जमा हो गए और तोड़फोड़ के साथ हंगामा करने लगे। भीड़ स्कूल परिसर में घुस गई और प्रिंसिपल सहित कई कर्मचारियों से मारपीट की। स्कूल की बसों और कारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

आक्रोश इतना बढ़ गया कि भीड़ ने एक कर्मचारी का कॉलर पकड़कर खींच लिया, वहीं पुलिस की मौजूदगी में भी कर्मचारियों को पीटा गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस बल मौके पर तैनात करना पड़ा।

स्थिति संभालने के लिए जब पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो भीड़ ने पुलिस वाहन को पलटने की कोशिश की। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बावजूद गुस्साई भीड़ ने स्कूल के बाहर सड़क जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

2000 से ज्यादा लोग पहुंचे स्कूल के बाहर

बताया जा रहा है कि मौके पर करीब 2,000 से ज्यादा लोग इकट्ठा हो गए थे। इस दौरान बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और एबीवीपी के सदस्य भी ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए वहां पहुंचे। स्थानीय विधायक, डीसीपी बलदेव देसाई और एसीपी को मौके पर पहुंचकर हालात काबू में करने पड़े।

Also Read: पुलिस FIR लिखने से मना करे तो क्या करें, जानें अपने कानूनी अधिकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.