Jalaun: छोटे भाई की मौत की खबर सुन सदमे से बड़े भाई ने तोड़ा दम

Jalaun News: कोंच कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्यौना रियासत से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। यहां एक ही परिवार के दो वृद्ध भाइयों की एक ही दिन मौत हो गई, एक सड़क हादसे में और दूसरे ने सदमे में दम तोड़ दिया।

73 वर्षीय रामचरण प्रजापति शुक्रवार देर रात घर से खेत की ओर शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रात के अंधेरे में किसी को इसकी खबर नहीं लगी। अगली सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास उनका शव देखा तो पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक की लहर दौड़ गई।

रामचरण की मौत की खबर जब उनके 85 वर्षीय बड़े भाई तुलाराम प्रजापति तक पहुंची, तो वह भी गहरे दुख में डूब गए। उन्होंने अंतिम दर्शन के लिए खेत की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने उनकी उम्र और तबीयत को देखते हुए उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। तुलाराम वापस घर आए और चुपचाप चारपाई पर लेट गए। कुछ देर बाद उन्होंने वहीं पर दम तोड़ दिया। एक ही घर से दो भाइयों की अर्थियां उठने से गांव में मातम पसर गया। रिश्तेदारों से लेकर गांव के हर शख्स की आंखें नम थीं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Also Read: Bareilly: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी अमरपाल यादव गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.