लखनऊ पुलिस ने मोबाइल लूट गैंग का किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, तीन नाबालिग भी पकड़े गए
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से मोबाइल झपटमारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन घटनाओं पर लगाम लगाते हुए थाना सुशांत गोल्फ सिटी की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच चोरी के मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
घटनाओं की शुरुआत
पहली शिकायत आशीष श्रीवास्तव ने दर्ज कराई थी, जिनका मोबाइल 11 जून की रात करीब 12:30 बजे एक अज्ञात बाइक सवार ने सेंट्रम होटल के पास छीन लिया था। इस मामले में थाना सुशांत गोल्फ सिटी में एफआईआर संख्या 525/2025 दर्ज की गई थी।
दूसरी घटना अक्षय यादव के साथ हुई, जिनका फोन 3 जून को रात 9:05 बजे तीन बाइक सवार युवकों ने हैदरगंज (अयोध्या) से लखनऊ आने पर छीन लिया। इस पर एफआईआर संख्या 526/2025 दर्ज की गई।
गिरफ्तारी की कहानी
14 जून को कैंसर चौराहे पर तैनात पुलिस टीम को अमूल डेयरी की ओर से तेज़ रफ्तार बाइक पर आते हुए तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का इशारा किया, तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को घेरकर मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी और उनके पास से बरामद मोबाइल
गोलू रावत (20 वर्ष), निवासी ग्राम सौनई कजेहरा कब्जे से Samsung A33 (हल्का गुलाबी रंग) मोबाइल बरामद किया गया। उसने कबूल किया कि यह मोबाइल सेंट्रम होटल के पास राह चलते एक व्यक्ति से छीनकर लिया गया था। दूसरा आरोपी अभिषेक कश्यप (20 वर्ष), निवासी कटरा बक्कास के कब्जे से Nothing A142 (सफेद रंग) मोबाइल बरामद किया गया है। उसने बताया कि यह मोबाइल अमूल डेयरी के पास एक राहगीर से झपटमारी में छीना गया था। इसके साथ ही आरोपियों के कब्जे से Vivo (नीला रंग) मोबाइल मिला। उसने बताया कि मोबाइल CMS स्कूल के पास एक व्यक्ति से छीना था। दूसरे नाबालिग के कब्जे से Oppo A7 (रोज़ गोल्ड रंग) मोबाइल बरामद किया है। उसने कबूल किया कि यह मोबाइल फव्वारा चौराहे के पास एक साइकल सवार से छीना गया था। तीसरे नाबालिग के कब्जे से Samsung Galaxy A03 (ब्लैक रंग) मोबाइल बरामद। उसने बताया कि यह मोबाइल कैंसर संस्थान के गेट के सामने एक पैदल व्यक्ति से छीना गया था।
अपराध का तरीका
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि यह पांच लोगों का गिरोह है, जिसमें तीन लोग बाइक पर रहते हैं और दो साथी रेकी कर निशाना तय करते हैं। वे आमतौर पर सुबह-शाम टहलने वालों को मोबाइल पर बात करते हुए देखकर झपटमारी करते थे। छीने गए मोबाइल को आपस में बांट लिया जाता था।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्यवाही
पुलिस ने सभी आरोपियों को 14 जून को दोपहर करीब 3:35 बजे कैंसर चौराहे से गिरफ्तार किया। जब मोटरसाइकिल (नं. UP32 NZ 2985) के कागज़ात मांगे गए, तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज़ नहीं दिखा सके। ऐसे में बाइक को धारा 207 MV एक्ट के तहत सीज़ कर दिया गया। आरोपियों पर धारा 304/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर, दो बाल अपचारियों को संरक्षण गृह भेज दिया गया है।
Also Read: Mirzapur: प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, BSF जवान समेत तीन की मौत

