Siddharthnagar News: ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत 43वीं वाहिनी SSB ने किया योगाभ्यास, बताया योग का महत्व
Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा जिला सिद्धार्थनगर की सीमा चौकियों अलीगढ़वा और धनौरा में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सीमा बल के जवानों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से योगाभ्यास कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना और जवानों में शारीरिक लचीलापन, मानसिक एकाग्रता और तनावमुक्तता को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर SSB अधिकारियों ने कहा कि,
“योग हम सभी के लिए अति महत्वपूर्ण एवं आवश्यक क्रिया है। यह शरीर, मस्तिष्क और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। योग के अभ्यास से हम न केवल जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं, बल्कि गंभीर बीमारियों से भी बचाव संभव है।”
योग अभ्यास के दौरान प्राणायाम, विभिन्न योग मुद्राएं और ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया गया। सीमा चौकी अलीगढ़वा द्वारा कपिलवस्तु म्यूजियम में स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर विशेष योग सत्र आयोजित किया गया, वहीं धनौरा चौकी के जवानों ने अपने परिसर में योगाभ्यास किया।

इस आयोजन में 43वीं वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भी भागीदारी रही, जिन्होंने योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का परिचय दिया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: वाराणसी में नगर निगम का लिपिक रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई

