‘बाहुबली- द एपिक’ 31 अक्टूबर को होगी रिलीज, एसएस राजामौली ने की घोषणा
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत की सबसे शानदार ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक ‘बाहुबली द बिगिनिंग’ ने गुरुवार को अपने 10 शानदार साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर, फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली ने एक बड़ी खबर साझा की है। उन्होंने बताया कि इस मील के पत्थर को यादगार बनाने के लिए, ‘बाहुबली- द एपिक’ नाम से फिल्म के दोनों हिस्सों को मिलाकर एक साथ 31 अक्टूबर को रिलीज किया जाएगा।
राजामौली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, बाहुबली। कई यात्राओं की शुरुआत। अनगिनत यादें। अंतहीन प्रेरणा। 10 साल हो गए। इस खास मौके को #BaahubaliTheEpic के साथ मना रहे हैं, यह दो हिस्सों वाली संयुक्त फिल्म है। 31 अक्टूबर, 2025 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में।
बता दें कि कुछ ही दिन पहले फिल्म के निर्माताओं में से एक शोबू यारलागड्डा ने फिल्म की रिलीज से पहले के तनावपूर्ण पलों को याद किया था। शोबू यारलागड्डा ने अपनी ‘एक्स’ टाइमलाइन पर लिखा था, कुछ ही दिनों में, @BaahubaliMovie “The Beginning” की थिएट्रिकल रिलीज को 10 साल हो जाएंगे! रिलीज से पहले और रिलीज के बाद के कुछ दिन मेरे और हम सभी के लिए सबसे ज्यादा घबराहट और तनाव भरे पल थे।
निर्माता ने आगे कहा, मैं उस समय के कुछ स्क्रीनशॉट देख रहा था जो मैंने लिए थे और सहेज कर रखे थे, और ये ढेर सारी यादें ताज़ा कर देते हैं। क्या आपको याद है कि पार्ट 1 की रिलीज के समय आप #Baahubali के बारे में क्या सोच रहे थे? उन्होंने फिल्म समीक्षकों के ट्वीट्स भी अटैच किए थे, जिन्होंने 9 जुलाई को मुंबई में प्रेस स्क्रीनिंग के बाद फिल्म की तारीफ की थी। निर्माता ने बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के प्रदर्शन और दर्शकों के बीच फिल्म के प्रति दीवानगी की भविष्यवाणी करने वाले लेखों के ट्वीट्स भी पोस्ट किए थे।
Also Read: लखनऊ में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग बरामद, दो गिरफ्तार

