Siddharthnagar News: अब हर सोमवार ईओ स्तर पर होगी जन-सुनवाई, समस्याओं का होगा तुरंत निपटारा
Siddharthnagar News: जनपद सिद्धार्थनगर की नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के नवागत अधिशासी अधिकारी (ईओ) अजय कुमार सिंह ने घोषणा की है कि अब प्रत्येक सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उनके कार्यालय में जन-सुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य नपा क्षेत्र से संबंधित शिकायतों का समय पर और संतोषजनक निस्तारण करना है।
हर हाल में होगा समस्याओं का निदान
गुरुवार को एक खास मुलाकात के दौरान संदेशवाहक से बात करते हुए अजय कुमार सिंह ने बताया कि जन-सुनवाई का मुख्य लक्ष्य ईओ स्तर पर आने वाली सभी समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा, मेरे स्तर से जो नहीं होने लायक होगा, तभी उसको अन्य पटल पर भेजा जाएगा, लेकिन हर हाल में समस्याओं का निदान जरूर होगा।
ईओ सिंह ने ज़ोर दिया कि सरकार और नगर पालिका सिद्धार्थनगर की यही मंशा है कि क्षेत्र के निवासी अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए एक बार संबंधित अधिकारियों को ज़रूर मौका दें। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे हर सोमवार को कार्यालय में संपर्क करें और अपनी समस्याओं को बताएं।
इन समस्याओं पर होगी सुनवाई
अजय कुमार सिंह ने बताया कि नगर पालिका सिद्धार्थनगर में कुल 25 वार्ड हैं, और इन वार्डों से संबंधित नाली, सड़क, साफ-सफाई, दवाओं के छिड़काव, पथ प्रकाश की अव्यवस्था सहित अन्य सभी समस्याओं के संबंध में जन-सुनवाई के दौरान शिकायतें सुनी जाएंगी और उनका समाधान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका परिषद में आमतौर पर जिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है, उनमें मुख्य रूप से खराब सड़कें, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कचरा प्रबंधन की कमी और पानी की समस्याएँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, अपर्याप्त बुनियादी ढाँचा और भीड़भाड़ भी प्रमुख समस्याओं के रूप में सामने आती हैं।
अंत में, ईओ सिंह ने जनपद सिद्धार्थनगर के समस्त सम्मानित जनों से अपील की है कि नपा सिद्धार्थनगर परिसर में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जन-सुनवाई कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की यही मंशा है कि अपने आंगन की समस्याओं को अपने ही आंगन में करें निपटारा।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: बैडमिंटन और टेबल टेनिस में चमके सिद्धार्थनगर के सिपाही, एसपी ने किया सम्मानित

