स्याना हिंसा मामला: 38 दोषियों को आज मिलेगी सजा, दोपहर बाद आ सकता है फैसला
Sandesh Wahak Digital Desk: बुलंदशहर के बहुचर्चित स्याना हिंसा मामले में दोषी ठहराए गए सभी 38 अभियुक्तों को शुक्रवार को सजा सुनाई जाएगी। एडीजे-12 गोपालजी की अदालत में सुबह 11 बजे तक सभी दोषियों को कोर्ट हवालात में पेश किया जाएगा। इसके बाद उनके वकील सजा पर अपनी दलीलें पेश करेंगे। बहस पूरी होने के बाद दोपहर में अदालत अपना फैसला सुना सकती है।
दोषियों में जिला पंचायत सदस्य योगेश राज, भाजपा नेता सचिन अहलावत और निषाद पार्टी पदाधिकारी शिखर अग्रवाल जैसे चर्चित नाम भी शामिल हैं।
2018 की हिंसा और दो मौतें
3 दिसंबर 2018 को स्याना की चिंगरावठी चौकी पर गोवंश कटान की अफवाह के बाद हिंसा भड़क उठी थी। इस दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और स्थानीय युवक सुमित कुमार की मौत हो गई थी। यह मामला काफी समय तक चर्चा में रहा।
लगभग डेढ़ साल से सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस मामले की सुनवाई लगातार चल रही थी। बुधवार को अदालत ने सभी 38 अभियुक्तों को दोषी करार दिया और उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। इस प्रकरण से जुड़े एक नाबालिग आरोपी का मामला बाल न्यायालय में विचाराधीन है।
शहीद इंस्पेक्टर की पत्नी का बयान
इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की पत्नी रजनी सिंह ने अभियुक्तों के दोषसिद्ध होने पर सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली। उन्होंने कहा कि यह न्याय की लड़ाई का एक अहम कदम है और आगे भी दोषियों के खिलाफ न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।
Also Read: UP News: असीम अरुण के विभाग में महिला से छेड़छाड़, मंत्री ने निजी सचिव को किया पुलिस के हवाले

