Maharajganj News: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सेमरा चंदौली गांव के पास तेज रफ्तार में चल रही दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, पहली बाइक पर भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द निवासी तबारक (25) और अरमान (23) परतावल से अपने घर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर नगर पंचायत परतावल के महंत अवैद्यनाथ नगर वार्ड निवासी चचेरे भाई राजन (22) और आनंद (24) महराजगंज से परतावल जा रहे थे।
सेमरा चंदौली गांव के पास दोनों बाइकों की तेज रफ्तार के कारण आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तबारक, राजन और आनंद की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अरमान को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।
प्रशासन की मौजूदगी
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
Also Read: IT Raid: लखनऊ और गोंडा में दो टैक्स प्रैक्टिशनर गिरफ्तार, 9,000 से ज्यादा लोगों के…

