जनसाधारण एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद कई ट्रेनें डायवर्ट, रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज मंडल के कानपुर सेंट्रल–टुंडला सेक्शन में शुक्रवार को बड़ा रेल हादसा हुआ। जिसमें ट्रेन संख्या 15269 मुजफ्फरपुर–साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस (अनारक्षित) दोपहर 4:20 बजे के करीब भाऊपुर यार्ड में पटरी से उतर गई। इस घटना के कारण अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया, जिसके चलते रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया है। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, लखनऊ जंक्शन से नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस (12003) को उन्नाव–बलामऊ–मुरादाबाद–गाजियाबाद होकर भेजा जा रहा है।

अयोध्या कैंट–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (22425) को लखनऊ–मुरादाबाद–गाजियाबाद होकर, जबकि कटिहार–अमृतसर एक्सप्रेस (15707) को जरवल रोड से अयाह–लखनऊ–मुरादाबाद–गाजियाबाद रूट पर डायवर्ट किया गया है। इसके अलावा, प्रयागराज संगम–चंडीगढ़ एक्सप्रेस (14217) और लखनऊ–आगरा फोर्ट एक्सप्रेस (12179) को भी वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित किया है और एक हेल्पलाइन नंबर 9794833858 भी जारी किया है। सभी प्रभावित यात्रियों को एसएमएस के माध्यम से जानकारी भेजी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। रेलवे ने हुई असुविधा के लिए खेद जताया है।
Also Read: Ayodhya News: अग्निवीर भर्ती रैली के लिए 13 जिलों से 11 हजार युवा पहुंचेंगे अयोध्या

