Kanpur News: संदिग्ध हालत में युवक का मिला शव, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका, पुलिस जांच में जुटी
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल कस्बे के भेवली मोड़ के पास रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव की पहचान सिखटिया गांव निवासी शिवम कुशवाहा उर्फ रमपत के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।
मृतक के पिता बउवन कुशवाहा ने बताया कि शनिवार शाम शिवम का उनके पास फोन आया था। उसने कुछ लोगों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात बताई थी। अगले ही दिन उसका शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला। इस बात को लेकर परिजन बेहद आक्रोशित हैं और हत्या की आशंका जता रहे हैं।
शिवम पहले बिजली विभाग में लाइनमैन की नौकरी करता था, लेकिन करीब एक साल पहले बिजली घर में चोरी के एक मामले में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद से वह अवसाद में रहने लगा था और धीरे-धीरे शराब का लती हो गया था। हालांकि परिजन इस पूरे मामले को पुरानी रंजिश और जानबूझकर की गई हत्या से जोड़ कर देख रहे हैं।
इधर,पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा। वहीं, परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कह रही है। फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

