दिल्ली में बड़ा हादसा : भीषण बारिश के चलते दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत

Delhi News : दिल्ली के जैतपुर इलाके में शनिवार सुबह मोहन बाबा मंदिर के पास भारी बारिश के बीच एक बड़ी दीवार अचानक ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने बताया कि मलबे में दबे सभी लोगों को बचा लिया गया था, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान 7 लोगों ने दम तोड़ दिया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को सुबह 9:16 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस दल के साथ दमकल की तीन गाड़ियां और एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। डीसीपी ऐश्वार्या शर्मा और एसीपी रविशंकर ने खुद मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। फंसे हुए सभी 8 लोगों को निकालकर एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।

मृतकों में 3 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। घायल हसीबुल (27) का इलाज सफदरजंग अस्पताल में जारी है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि मलबे में कोई और फंसा नहीं है।

अधिकारियों का मानना है कि लगातार भारी बारिश और जलभराव के कारण दीवार की नींव कमजोर हो गई होगी। मौसम विभाग ने पूरे दिल्ली-एनसीआर के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था, क्योंकि शुक्रवार रात से ही तेज बारिश हो रही थी।

 

Also Read : BJP का Rahul Gandhi पर निशाना: ‘चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं तो लोकसभा से इस्तीफा दें’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.