Barabanki News: टेलीग्राम पर दोगुना मुनाफे का लालच पड़ा महंगा, साइबर सेल की मदद से वापस मिली रकम

Sandesh Wahak Digital Desk: टेलीग्राम पर इन्वेस्टमेंट में दोगुना लाभ का लालच देकर ठगे गए युवक के 2,33,000 रुपये साइबर सेल बाराबंकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वापस कराए। पुलिस की इस तत्परता ने पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई और एक बार फिर यह साबित किया कि समय रहते शिकायत दर्ज कराने से साइबर अपराध में फंसी रकम को बचाया जा सकता है।

ऐसे हुआ फ्रॉड

थाना दरियाबाद क्षेत्र के ग्राम निवासी राहुल सिंह, पुत्र राज बहादुर, टेलीग्राम पर एक इन्वेस्टमेंट ग्रुप से जुड़े थे। वहां साइबर अपराधियों ने उन्हें दोगुना मुनाफा देने का प्रलोभन दिया। भरोसा जताने के बाद उनसे अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल ₹2,33,000 की राशि ले ली गई। इसके बाद न तो वादा पूरा हुआ और न ही संपर्क किया गया।

शिकायत पर तुरंत हुई कार्रवाई

पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत पत्र साइबर सेल, बाराबंकी को भेजा। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी संगम कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम सेल ने तत्काल जांच शुरू की। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रेल की मॉनिटरिंग और संबंधित मर्चेंट कंपनियों के साथ लगातार पत्राचार करते हुए रकम को ट्रैक किया।

पूरी रकम बैंक खाते में वापस

लगातार प्रयासों के बाद साइबर सेल ने ठगों के खाते से पूरी राशि को रोककर, निर्धारित प्रक्रिया के तहत पीड़ित के बैंक खाते में ₹2,33,000 की वापसी सुनिश्चित की।इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की इन्वेस्टमेंट स्कीम या ऑनलाइन मुनाफा योजनाओं में बिना जांच-परख पैसे न लगाएं। अगर गलती से ठगी हो जाए, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि राशि को समय रहते रोका और वापस कराया जा सके।

 

Also Read: Fatehpur controversy: BJP जिलाध्यक्ष का Video वायरल, SP से कहा- ‘हिम्मत है तो गोली चलवाकर देखिए’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.