लखनऊ में दिव्यांगों के लिए लगा रोजगार मेला, 172 लोगों को मिली नौकरी

Sandesh Wahak Digital Desk: दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लखनऊ में एक खास रोजगार मेले का आयोजन किया गया। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में लगे इस मेले में 25 कंपनियों ने हिस्सा लिया और 172 दिव्यांग प्रतिभागियों को नौकरी के ऑफर दिए। यह मेला दिव्यांगजन रोजगार अभियान के तहत 6 से 13 अगस्त 2025 तक प्रदेशभर में चलाया जा रहा है।

25 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 1500 से ज्यादा पद थे

मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे ने किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रतिभागियों से बात करके उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि दिव्यांगजनों को भी समान अवसर मिलें, ताकि वे सम्मान के साथ जीवन जी सकें।

इस मेले में अमेजन, वी-मार्ट, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस जैसी 25 कंपनियों ने 1500 से अधिक पदों के लिए 325 दिव्यांगों का इंटरव्यू लिया। इसमें से 172 लोगों को तुरंत नौकरी के ऑफर मिल गए।

सहायक यंत्रों और योजनाओं की भी दी गई जानकारी

इस रोजगार मेले में नौकरी के अलावा भी कई सुविधाएं थीं। CRC (समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र) ने दिव्यांगों के लिए उपयोगी सहायक यंत्रों का प्रदर्शन किया और पुनर्वास सेवाओं के बारे में बताया। वहीं, MSME विभाग ने स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी और आवेदन प्रक्रिया समझाई। इस मौके पर आई.टी.आई. अलीगंज के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव और सहायक सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

 

Also Read: लखनऊ को मिली बड़ी सौगात: अंग्रेजी और विदेशी भाषा विश्वविद्यालय के लिए मिली स्थायी जमीन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.