जौनपुर में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 4 की मौत
Jaunpur News: शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक मासूम बच्ची समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी बाजार के पास रात करीब 9:30 बजे हुआ। हादसे में 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
कैसे हुआ हादसा
जौनपुर डिपो की स्टार लाइन बस 40 से अधिक यात्रियों को लेकर शाहगंज की तरफ जा रही थी। गुरैनी बाजार के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद बस और ट्रक, दोनों के चालक मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि यह हादसा रोडवेज बस के गलत दिशा में जाने और तेज रफ्तार के कारण हुआ। यात्रियों ने भी बताया कि चालक बहुत तेज गति से बस चला रहा था।
चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल
टक्कर के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बस के पिछले दरवाजे को तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में एक महिला, एक पुरुष, एक अन्य महिला और एक लगभग 2 साल की बच्ची की मौत हो गई। उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बस का कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। फिलहाल, सभी घायलों का इलाज चल रहा है और मरने वालों के शव मोर्चरी में रखे गए हैं।
Also Read: अमित शाह ने आवास पर फहराया तिरंगा, हर घर तिरंगा बना जन-अभियान

