Varanasi Crime News: दिनदहाड़े कॉलोनाइजर की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुए हमलावर
Sandesh Wahak Digital Desk: आज यानी गुरुवार सुबह वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित सिंहपुर गांव में हुई दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने 50 वर्षीय कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजन न्याय की मांग को लेकर थाने पर धरने पर बैठ गए हैं।
हमलावरों ने घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, महेंद्र गौतम गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अपनी बाइक से अरिहंत नगर कॉलोनी में स्थित निर्माणाधीन मकान की ओर जा रहे थे।
जैसे ही वह एक मकान के समीप स्पीड ब्रेकर पर पहुंचे और बाइक की रफ्तार धीमी की, पीछे से आए दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियों की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोली लगने से महेंद्र मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रॉपर्टी विवाद की आशंका, जांच के कई पहलू
पुलिस प्रथम दृष्टया इस हत्या को प्रॉपर्टी विवाद से जोड़कर देख रही है। साथ ही, आपसी रंजिश और व्यवसायिक प्रतिद्वंद्विता जैसे संभावित कारणों पर भी जांच की जा रही है।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
व्यवहारिक और मिलनसार थे महेंद्र, कॉलोनी में मातम
मूल रूप से गाजीपुर निवासी महेंद्र गौतम वर्तमान में सारनाथ के बुद्धा सिटी कॉलोनी, गंज में परिवार के साथ रह रहे थे। उनके पिता श्यामलाल गौतम, परिवहन विभाग से सेवानिवृत्त आरटीओ अधिकारी हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार महेंद्र एक मिलनसार और व्यवहारिक व्यक्ति थे, जिनका किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। उनकी हत्या से कॉलोनी में शोक की लहर है।
परिजनों ने उठाई न्याय की मांग
हत्या की सूचना मिलते ही परिजन शव को लेकर सारनाथ थाने पहुंच गए और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। परिजनों का कहना है कि पुलिस तत्काल प्रभाव से आरोपियों को गिरफ्तार करे और उन्हें कठोर सजा दिलाए।
प्रमोद कुमार, डीसीपी वरुणा जोन, वाराणसी
पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
रिपोर्ट- संतोष पांडेय

