Siddharthnagar News: किसानों को नहीं मिल रही खाद, सपा और विक्रेताओं ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में खाद की भारी किल्लत और कालाबाजारी से किसान परेशान हैं। इसी समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता कमाल अहमद खान के नेतृत्व में किसानों और उर्वरक विक्रेताओं ने एकजुट होकर जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा है।

यह ज्ञापन सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को दिया गया, जिसमें कहा गया है कि सिद्धार्थनगर एक पिछड़ा जिला है और यहाँ के किसान पहले से ही दैवीय आपदाओं का सामना कर रहे हैं। ऐसे में यूरिया, डीएपी और पोटाश जैसी खाद की कमी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर समय पर उचित दाम पर खाद नहीं मिली तो उनकी बची हुई फसलें भी बर्बाद हो सकती हैं।

नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी का आरोप

सपा नेता कमाल अहमद खान ने आरोप लगाया कि नेपाल सीमा से सटा होने के कारण जिले में खाद की तस्करी और कालाबाजारी धड़ल्ले से चल रही है। उन्होंने कहा कि खुद सूबे के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने तीन दिन पहले अपने दौरे के दौरान इस बात को स्वीकार किया था। उन्होंने बताया कि कुछ किसान समितियों से खाद को एक ही बार में कई बार लिया गया है, और जिलाधिकारी द्वारा ऐसे लोगों की जाँच की जा रही है।

इस प्रदर्शन में सिर्फ किसान ही नहीं, बल्कि उर्वरक फुटकर वेल्फेयर एसोसिएशन भी उनके साथ खड़ा दिखाई दिया। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आदर्श श्रीवास्तव के नेतृत्व में उर्वरक विक्रेताओं ने भी प्रशासन को 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा और खाद वितरण प्रणाली को सुधारने की अपील की। इस मौके पर सपा के कई कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में उर्वरक विक्रेता मौजूद थे। इन सभी ने प्रशासन से जल्द से जल्द खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी व तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Varanasi News: खाद की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा पांच सूत्रीय…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.