पीईटी परीक्षा के लिए स्पेशल ट्रेनें और बसें तैयार, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त नज़र
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की पीईटी परीक्षा 2025 की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। 6 और 7 सितंबर को होने वाली इस परीक्षा में 25.32 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 48 जिलों के 1479 केंद्रों पर दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी, जिनमें हर शिफ्ट में करीब 6.33 लाख परीक्षार्थी बैठेंगे।
अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेन और बसें
सरकार ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों और बसों की व्यवस्था की है।
-
05028/05027 गोमती नगर-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 5 से 7 सितंबर तक तीन फेरों में चलाई जाएगी।
-
इसके अलावा 11 हजार स्पेशल बसें भी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुँचाने के लिए लगाई गई हैं।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम फैलाने वालों पर पुलिस कड़ी नज़र रखेगी। पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि अगर कोई सोशल मीडिया पर परीक्षा को लेकर पोस्ट करता है तो उससे प्रमाण मांगा जाएगा। पोस्ट झूठी पाई गई तो तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस निगरानी के लिए प्रशासन ने 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 49 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं।
परिवहन विभाग भी सक्रिय
प्रशासन ने दावा किया है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से कराया जाएगा। सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं, परिवहन विभाग भी सक्रिय है ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो।
दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले में ही परीक्षा केंद्र दिए गए हैं। हालांकि, कुछ महिलाओं के फॉर्म में गड़बड़ी के कारण उन्हें बाहर जिले में केंद्र मिला था। उनकी शिकायतों के बाद 22 महिलाओं के परीक्षा केंद्र बदल दिए गए हैं।
Also Read: Meerut News: ऑपरेशन शस्त्र की बड़ी कामयाबी, दो असलहा तस्कर मुठभेड़ में घायल, तीन गिरफ्तार

