Ayodhya News: मंडलीय महिला-पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता आज से शुरु, 40 टीमें ले रहीं हिस्सा
Ayodhya News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर अयोध्या के डाभासेमर स्टेडियम में बुधवार से मंडलीय महिला-पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता आनंद कबड्डी एकेडमी और बाल कल्याण संस्थान डाभासेमर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम का शुभारंभ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह, युवा मोर्चा के महामंत्री हर्षवर्धन सिंह और अयोध्या विधायक प्रतिनिधि अमल गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कबड्डी भारतीय संस्कृति से जुड़ा खेल है, जिसने आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है।
आयोजन समिति के संरक्षक आलोक तिवारी और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 24 और महिला वर्ग की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन चार मैच खेले गए
विजेता टीमों को क्रमशः 11,000, 5,100, 3,100 और 2,100 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी अकादमी की ओर से की गई है। प्रतियोगिता के पहले दिन चार मैच खेले गए। पहले मुकाबले में डीएन पब्लिक स्कूल पूरा बाजार ने निर्भय सिंह इंटर कॉलेज अयोध्या को हराया। दूसरा मैच आरएल विद्या इंटर कॉलेज ने बलदेव विद्यापीठ इंटर कॉलेज सेवरा को हराकर जीता।
तीसरे मैच में माया बाजार ने रामबल्लभा इंटर कॉलेज को मात दी, जबकि चौथे मुकाबले में कर्मडंडा ने श्रीराम डिफेंडर हरंटीनगंज पर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का अगला चरण गुरुवार को खेला जाएगा।
Also Read: Lucknow News: अपार्टमेंट में देह व्यापार का विरोध करने पर महिला से मारपीट, दुष्कर्म की कोशिश

