सिद्धार्थनगर में आरके हॉस्पिटल सील, प्रसूता की मौत के बाद संचालक समेत 4 लोगों पर केस दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय स्थित आरके हॉस्पिटल में एक प्रसूता की मौत के बाद पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हॉस्पिटल के संचालक और डॉक्टर समेत 4 नामजद और 7 अज्ञात (2 स्टाफ नर्स और 5 वार्ड बॉय) लोगों के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही, जिला प्रशासन ने हॉस्पिटल को सील भी कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?
महाराजगंज जिले के रहने वाले रामशंकर मौर्य अपनी गर्भवती पत्नी सरिता मौर्य को प्रसव के लिए आरके हॉस्पिटल लेकर आए थे। प्रसव के बाद सरिता की अचानक मौत हो गई। इसके बाद हॉस्पिटल का स्टाफ और संचालक मौके से फरार हो गए। पत्नी की मौत से गुस्साए परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा और तोड़फोड़ की। घटना रविवार देर शाम की है, जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया।

हॉस्पिटल हुआ सील
पीड़ित पति रामशंकर मौर्य की लिखित शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया के निर्देश पर मंगलवार शाम करीब 6 बजे हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। जिन चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है, उनमें हॉस्पिटल संचालक एसबी भारती, डॉ. कंचन पटेल, उपेंद्र पटेल और डॉ. निजामुद्दीन शामिल हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों की पहचान और आगे की जांच के लिए एक टीम का गठन किया है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: दीनानाथ यादव बने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के नए परीक्षा नियंत्रक, कुलपति ने कराया पदभार ग्रहण

