Sitapur News: क्यों भड़का शिक्षक? सीतापुर में बीएसए पर बरसाई बेल्ट, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत की सुनवाई के लिए बुलाया गया था प्रधानाध्यापक; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) दफ्तर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक प्रधानाध्यापक ने बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह के साथ जमकर मारपीट की। आरोपी ने बीएसए के सिर पर बेल्ट के लोहे के कुंडे से हमला किया, उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और सरकारी दस्तावेज़ भी फाड़ दिए।
क्यों हुआ यह हमला?
बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह घटना एक पुरानी शिकायत से जुड़ी है। प्रधानाध्यापक ने अपने विद्यालय की एक सहायक अध्यापिका को लापरवाही बरतने के लिए नोटिस दिया था। अध्यापिका ने इस नोटिस को राजनीतिक ग्रुपों में साझा कर दिया, जिसकी शिकायत उन्होंने बीएसए से की थी। इसी मामले में जवाब देने के लिए प्रधानाध्यापक को दफ्तर बुलाया गया था। बीएसए ने बताया कि उन्होंने प्रधानाध्यापक को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद वह भड़क गए और हमला कर दिया।
#सीतापुर के हेडमास्टर बृजेंद्र वर्मा बेसिक शिक्षा अधिकारी को अपने खिलाफ हुई शिकायत पर सफाई देने आए थे
मास्टर साहब की सफाई BSA को पसंद नहीं आई तो मास्टरजी ने BSA की उनके ऑफिस में बेल्टों से पिटाई कर दी
स्टाफ ने BSA की बेशकीमती जान बचाई
मास्टर साहब अब पुलिस हिरासत में है pic.twitter.com/HStG4i7G5u
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) September 23, 2025
दफ्तर में मचा हंगामा
हमले के दौरान दफ्तर में मौजूद क्लर्क प्रेम शंकर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो प्रधानाध्यापक ने उनके साथ भी हाथापाई की। दफ्तर में शोर सुनकर अन्य कर्मचारी वहाँ पहुँचे और शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।
इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि बीएसए की तहरीर पर जान से मारने की धमकी और सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुँचाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही कई शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी भी मौके पर पहुँच गए थे। देर शाम बीएसए ने जिला अस्पताल में अपना मेडिकल भी कराया।
Also Read: यूपी में अब ओटीपी से होगी संपत्ति की रजिस्ट्री, फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के लिए नियमों में बदलाव

