‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत बरेली में ‘पोषण पंचायत’ का आयोजन, विशिष्ट महिलाओं को किया गया सम्मानित
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देशों पर, ‘मिशन शक्ति 5.0’ और ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत जनपद बरेली के बिथरीचैनपुर विकास खंड में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या पुष्पा पाण्डेय की अध्यक्षता और ब्लॉक प्रमुख ब्रजेश कुमारी की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

विशिष्ट महिलाओं का सम्मान
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं और असाधारण कार्यों के लिए महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की लाभार्थी बालिकाओं को सम्मानित किया गया। विपरीत परिस्थितियों से उबरकर विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया। सदस्या पुष्पा पाण्डेय और ब्लॉक प्रमुख ब्रजेश कुमारी को लाइव प्लांट देकर सम्मानित किया गया।

पोषण पंचायत और जागरूकता
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पोषण पंचायत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशानुसार, बाल विकास परियोजना अधिकारी विमला ने माननीय सदस्या और ब्लॉक प्रमुख से महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया।
इसके अतिरिक्त, कंपोजिट विद्यालय बाल जाति नगर क्षेत्र में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श (सेफ एंड अनसेफ टच) पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक चंचल गंगवार और जिला मिशन कॉर्डिनेटर रिंकी सैनी भी उपस्थित रहीं।
Also Read: महाकाल के दरबार में पहुंचे संजय दत्त, भस्म आरती में हुए शामिल

