कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा: खड़ी कंटेनर से टकराई बस, एक यात्री की मौत, 6 से ज्यादा घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: गोरखपुर से कुशीनगर की ओर जा रही परिवहन निगम की एक अनुबंधित बस आज सुबह हाटा कोतवाली क्षेत्र के महुआरी चौराहे पर एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। फोर लेन पर पहले से खड़ी एक कंटेनर में बस ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में एक यात्री की मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा कंटेनर में जा घुसा, और बस के परखचे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार जयराम प्रजापति (30) निवासी धनौजी कला, थाना तुर्कपट्टी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें अंशु शर्मा, वकील अंसारी, पंकज गुप्ता और राजेश पटेल शामिल हैं।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। टक्कर के बाद बस का दरवाजा जाम हो गया था, जिससे फंसे हुए यात्रियों को निकालना मुश्किल हो गया।
गैस कटर से काटकर निकाले गए फंसे यात्री
सूचना मिलते ही हाटा कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में लोगों ने करीब आधे घंटे तक गैस कटर का इस्तेमाल करके बस की बॉडी को काटा। बड़ी मशक्कत के बाद अंदर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला जा सका। घायलों को तत्काल हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यात्रियों ने लगाया ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप
बस में सवार कुछ यात्रियों ने घटना के पीछे ड्राइवर की घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्रियों ने बताया कि बस चालक को लगातार झपकी आ रही थी। इतना ही नहीं, चालक एक्सीलरेटर (स्लेटर) के पास ईंट रखकर बस चला रहा था। यात्रियों ने पहले भी चालक को बस रोककर आराम करने के लिए कहा था। पुलिस ने मृतक जयराम प्रजापति के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: सिद्धार्थनगर: छात्राओं को CO सदर की गारंटी, बोले- शिकायत गोपनीय रहेगी, तुरंत होगी कार्रवाई

