साइबर ठगी का शिकार हुए शख्स को बड़ी राहत, मिर्ज़ापुर पुलिस ने खाते में वापस कराए लाखों रुपये
Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्ज़ापुर जिले में साइबर ठगी के शिकार हुए एक आवेदक को मिर्ज़ापुर पुलिस की साइबर टीम ने बड़ी राहत दी है। थाना हलिया की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी में गंवाए गए पूरे ₹2,47,000 की धनराशि को पीड़ित के मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दिया है।
NCRP पोर्टल के जरिए हुई त्वरित कार्रवाई
मामला हलिया थाना क्षेत्र के गढ़वा निवासी ऋषफ सिंह से जुड़ा है। ऋषफ सिंह ने 14 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ ऑनलाइन ठगी की घटना हुई है, जिसमें उनके खाते से ₹2,47,000 निकाल लिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, थानाध्यक्ष हलिया राजीव कुमार श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व में थाना हलिया की साइबर टीम तत्काल हरकत में आई।
टीम ने आवेदक से ठगी से संबंधित आवश्यक जानकारी और लेन-देन के कागजात लेते हुए तुरंत साइबर पुलिस पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज की। टीम ने NCRP पोर्टल के माध्यम से जालसाजी से ट्रांसफर की गई धनराशि को संबंधित खाते में होल्ड कराया।
पुलिस टीम की प्रशंसा
साइबर टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर संबंधित बैंक को ईमेल और पत्राचार के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई पूरी की, जिसके परिणामस्वरूप ठगी गई पूरी धनराशि ₹2,47,000 आवेदक के मूल बैंक खाते में वापस आ गई। धनराशि वापस मिलने पर आवेदक ऋषफ सिंह ने थाना हलिया की साइबर टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस सराहनीय कार्य को करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव, एसआई अच्छे लाल यादव, कांस्टेबल आनंद पटेल और प्रदीप पाल शामिल थे।
रिपोर्ट: अशोक सिंह
Also Read: Lucknow News: सहारा समूह के कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन, लंबित वेतन और पीएफ भुगतान की मांग

