निर्माण कार्य में लापरवाही पर एक्शन मोड में कुशीनगर डीएम, कार्रवाई के लिए एमडी को लिखा पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर के जिलाधिकारी (डीएम) महेंद्र सिंह तंवर ने जनपद में निर्माण कार्यों में हो रही घोर लापरवाही और देरी पर सख्त रुख अपनाया है। शासन की प्राथमिकताओं वाले कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के तय समय सीमा बीत जाने के महीनों बाद भी अधूरा पड़े रहने पर डीएम ने कड़ा संज्ञान लिया है।

समय पर काम न पूरा होने से रैंकिंग प्रभावित

डीएम ने जिम्मेदार कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएसएस निर्माण प्रखण्ड गोरखपुर के अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए प्रबंध निदेशक यूपीआरएनएसएस लखनऊ को पत्र भेजा है। जिलाधिकारी ने हाल ही में ₹50 लाख से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की थी। इसमें पाया गया कि यूपीआरएनएसएस निर्माण प्रखण्ड गोरखपुर कुशीनगर में विभिन्न परियोजनाओं को पूरा नहीं कर सका है।

कार्यदायी संस्था न तो निर्धारित तिथि तक निर्माण कार्य पूरा कर सकी है और न ही कार्य पूर्ण करने की तिथि को संशोधित कराया है, जिसके कारण सीएम डैश बोर्ड पर जनपद की रैंकिग प्रभावित हो रही है।

ये प्रमुख निर्माण कार्य हैं अधर में

डीएम ने पत्र में उन प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख किया है, जो समय सीमा बीत जाने के बाद भी अधूरी पड़ी हैं।

परियोजना का नाम                                             निर्धारित पूर्णता तिथि                          वर्तमान भौतिक प्रगति

पडरौना बस स्टेशन का पुननिर्माण                        31 अक्टूबर 2024                                    केवल 82%

लार्ड बुद्धा पार्क (रवींद्रनगर) सुंदरीकरण                06 मार्च 2025                                         केवल 62%

स्पोर्ट्स स्टेडियम में बाल तरण ताल निर्माण            14 सितंबर 2025                                      केवल 88%

‘अधिशासी अभियंता रुचि नहीं ले रहे’

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने यूपीआरएनएसएस के प्रबंध निदेशक को भेजे अपने आरोप पत्र में स्पष्ट लिखा है कि समय सीमा बीत जाने के बाद भी कार्य पूर्ण न होना यह दर्शाता है कि अधिशासी अभियंता जनपद कुशीनगर में निर्माण कार्यों के प्रति कोई रुचि नहीं ले रहे हैं, जो विभागीय कार्य के प्रति उदासीनता का द्योतक है। डीएम ने उक्त परियोजनाओं को समय से पूर्ण न करने और लापरवाही बरतने के लिए अधिशासी अभियंता के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने की संस्तुति की है।

Also Read: राजा भैया की ‘शस्त्र पूजा’ पर विवाद, पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने DGP से की जांच की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.