Agra News: ताजमहल में शॉर्ट सर्किट से धुआं, टूरिस्ट में मची अफरा-तफरी
Agra News: विश्व धरोहर ताजमहल में सोमवार को उस समय हलचल मच गई जब दक्षिणी गेट के पास अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर मौजूद पर्यटक घबरा गए और कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, ताजमहल के दक्षिणी गेट की छत पर वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे चिंगारी उठी और जल्द ही धुएं का गुबार फैल गया। गनीमत रही कि इस हिस्से में आम लोगों का प्रवेश 2018 से ही बंद है, इसलिए घटना के समय कोई पर्यटक वहां मौजूद नहीं था।
ASI और टॉरेंट पावर ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के कर्मचारियों ने तुरंत बिजली की आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद टॉरेंट पावर की टीम भी मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे के शटडाउन के दौरान वायरिंग की मरम्मत कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
कोई नुकसान नहीं, लेकिन एहतियात के कदम
ASI अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। उन्होंने बताया कि UPS सिस्टम के चलते बिजली आपूर्ति लगातार बनी रही थी, जिससे आग फैलने की आशंका बनी, लेकिन समय पर काबू पा लिया गया।
अब ASI ने एहतियात के तौर पर पूरे ताजमहल परिसर की विद्युत व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना दोबारा न हो।
Also Read: पति पवन सिंह से विवाद के बीच ज्योति सिंह का बड़ा ऐलान – काराकाट सीट से निर्दलीय लड़ेंगी चुनाव

