पैसों के विवाद में रिश्ते के दो भाइयों की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी अशरफ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाक़े से डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में रिश्ते के दो सगे भाइयों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को उन्हें गोलीबारी की सूचना मिली थी।
अलग-अलग जगह मिले शव
पुलिस ने बताया कि सबसे पहले शास्त्री पार्क चौक के पास सर्विस रोड पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दिल्ली के कैलाश नगर निवासी उमाम उर्फ उभाम (25) के रूप में हुई।
कुछ ही देर बाद, उसी इलाक़े में फल मंडी के पास एक और घायल व्यक्ति मिला, जिसकी पहचान कैलाश नगर निवासी नदीम (27) के रूप में हुई। नदीम को पहले जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे जीटीबी अस्पताल रेफ़र किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने पुष्टि की है कि नदीम और उमाम रिश्ते में भाई थे।
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी अशरफ (23) को गिरफ़्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों स्थानों पर क्राइम ब्रांच और फ़ोरेंसिक टीमों ने पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जाँच में पता चला है कि मृतक भाइयों और आरोपी के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर गहरा विवाद था, जो झगड़े में बदला और जानलेवा हो गया। पुलिस ने आरोपी के क़ब्ज़े से तीन कारतूसों के साथ एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल हुई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।
Also Read: बंगाल-झारखंड में घुसपैठियों का स्वागत वोट बैंक के लिए होता है: अमित शाह

