जमुई में बोले अमित शाह, 11 नवंबर को बटन इतनी तेज़ दबाओ कि करंट इटली तक लगे

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद जमुई में एक ज़ोरदार चुनावी सभा को संबोधित किया। भीड़ के भारी उत्साह को देखकर अमित शाह ने सीधा दावा किया कि बिहार की जनता ने पहले चरण में ही लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी की पार्टी का सूपड़ा साफ़ कर दिया है।

जमुई की जनता के जोश पर अमित शाह ने एक बड़ा और तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा, 11 नवंबर को जमुई में बटन इतनी तेज़ दबाओ कि करंट इटली तक लगे। शाह ने कहा कि बिहार की जनता ने यह ऐलान कर दिया है कि जंगलराज भेष, कपड़े और चेहरा बदलकर आना चाहता है, लेकिन अब उसे आने नहीं दिया जाएगा।

अमित शाह ने राजद-कांग्रेस के शासनकाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी के शासन में बारात आती थी, तो साथ ही उगाही के लिए लोग कट्टा लेकर आ जाते थे। फिरौती के लिए अपहरण और 20 से ज़्यादा नरसंहार होते थे। इस जंगलराज ने बिहार के कल-कारखाने और व्यापार बंद करवा दिए और बिहार को गरीब बनाने का काम किया।

गृहमंत्री ने दावा किया कि नीतीश कुमार ने जंगलराज को समाप्त किया और मोदी जी ने 10 साल में हर कोने में इंफ्रास्ट्रक्चर बनाकर, रोड, पुल, बिजली और फ़ैक्टरियाँ लगाकर विकास की शुरुआत की है। अमित शाह ने नक्सलवाद पर अपनी सरकार की सफलता का ज़िक्र करते हुए कहा कि एक ज़माना था जब पूरा जमुई लाल खून और लाल आतंक से सना हुआ था, जहाँ नक्सलवादियों ने अड्डा बना रखा था।

Also Read: Prayagraj News: कार्तिक पूर्णिमा की रात किशोरी की गला रेतकर हत्या, बलि की आशंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.