बलिया: फर्जी IPS बनकर कोलकाता की युवती से की शादी, पत्नी की शिकायत पर हुआ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र में फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर एक युवक ने कोलकाता की युवती से शादी रचा ली। मामला तब सामने आया जब पत्नी को पति की तैनाती स्थल पर जाने की ज़िद के दौरान शक हुआ। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया।
क्या था पूरा मामला?
पश्चिम बंगाल के हुगली में रहने वाले शशिभूषण दुबे ने अनुष्का के पिता को बताया कि सुधीर कुमार राम वर्ष 2021 बैच का आईपीएस अधिकारी है और राजस्थान में तैनात है। इसके बाद 2 मार्च 2025 को कोलकाता में दोनों की शादी हो गई।
शक और खुलासा
शादी के बाद सुधीर अनुष्का को बलिया के दोकटी स्थित अपने आवास पर ले आया। वह पत्नी को फर्जी आईपीएस कार्ड दिखाता रहा और वर्दी में घूमता रहा। अनुष्का को शक हुआ और वह पति के साथ तैनाती स्थल पर जाने की जिद करने लगी। सुधीर उसे टालता रहा और एक बार मऊ के एक होटल में घुमाने ले गया, जहां तैनाती को लेकर पूछे गए सवाल पर मुकर गया।
शक गहराने पर अनुष्का ने इसकी जानकारी अपने पिता और मौसा को दी। कागजात की पड़ताल से फर्जी आईपीएस होने की पुष्टि हुई। मामला उजागर होने पर सुधीर ने अनुष्का और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।
5 लोगों पर FIR और सुधीर की गिरफ्तारी
पुलिस ने अनुष्का की तहरीर पर सुधीर कुमार राम, उसके पिता वीरेन्द्र कुमार राम, मां अस्तुरन देवी, बहन शीतल उर्फ सुशीला और मध्यस्थता करने वाले शशिभूषण दुबे समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
टीम गठित होने के बाद सुधीर को वाजिदपुर ढाले से घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपित के घर से एक जोड़ी खाकी वर्दी, लैनयार्ड, पार्टी कार्ड, एक जोड़ी सफेद धातु स्टार, अशोक स्तंभ, फर्जी आईडी कार्ड, आधार कार्ड टैबलेट समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है।

