पानीपत-खटीमा हाईवे पर भीषण हादसा: खड़े कैंटर से टकराई कार, 4 युवकों की मौके पर मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: पानीपत–खटीमा हाईवे पर बुटराडा फ्लाईओवर के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े एक कैंटर में जा घुसी।

हादसे का विवरण और पुलिस कार्रवाई

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया और कैंटर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में फंसे चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही एएसपी संतोष कुमार और बाबरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों शवों को कार से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी ने बताया कि कार सोनीपत नंबर (HR-09 K-8004) की है और प्रारंभिक जांच से यह आशंका है कि हादसे के वक्त चारों युवक मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे।

नशे की आशंका और जांच

पुलिस को कार के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने यह आशंका जताई है कि कार सवार युवक दुर्घटना के समय नशे में हो सकते थे। देर रात तक चारों मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित करने और पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Also Read: बलिया: फर्जी IPS बनकर कोलकाता की युवती से की शादी, पत्नी की शिकायत पर हुआ गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.