Deoria News: SIR ड्यूटी में लगे लेखपाल की मौत, परिजन और सहकर्मी मुआवजे की मांग पर अड़े
Deoria News: देवरिया जिले के सलेमपुर तहसील में तैनात लेखपाल आशीष कुमार का शव पोस्टमार्टम के बाद रविवार की भोर में उनके पैतृक गाँव बरवा पहुंचा, जिसके बाद गाँव में हड़कंप मच गया। परिजन और साथी लेखपालों ने तहसील प्रशासन पर ‘दबाव’ के चलते आशीष कुमार की मौत होने का गंभीर आरोप लगाया है।
उन्होंने माँग की है कि जब तक जिलाधिकारी (DM) मौके पर आकर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन नहीं देते, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
SIR ड्यूटी के भारी दबाव का आरोप
आशीष कुमार, सलेमपुर विकास खंड के बरवा गाँव के रहने वाले थे और उनकी तैनाती लार सर्किल में थी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्य में उनकी भी ड्यूटी लगी थी। शुक्रवार को एसआईआर के काम के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार शाम मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उनकी मौत हो गई।
शव गाँव पहुँचते ही परिजन फूट-फूट कर रोने लगे। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव और तहसीलदार अलका सिंह समेत अन्य अधिकारी पहुँचे, लेकिन परिजन और साथी लेखपाल अंतिम संस्कार से साफ़ मना कर दिए। लेखपालों का कहना था कि आशीष की मौत SIR ड्यूटी के भारी दबाव के कारण हुई है, इसलिए जिलाधिकारी को खुद मौके पर आना चाहिए।
जब अधिकारी शव के अंतिम संस्कार के लिए समझाने लगे, तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। कई अधिकारियों को तो अभद्र भाषा तक बोल दी गई और उन्हें वहाँ से भाग जाने के लिए भी कहा गया। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने किसी तरह उन्हें शांत किया और जिलाधिकारी के मौके पर आने की बात कही। फ़िलहाल, अपर जिलाधिकारी जैनेंद्र सिंह मौके पर पहुँचकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं, लेकिन परिजन और कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
Also Read: Bijnor News: महिला BLO की हार्ट अटैक से मौत, सदमे में परिवार, कही ये बात

