कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के बेटे से साइबर ठगी, फर्जी UPI ID बनाकर पार्टी फंड के 20 हजार रुपये उड़ाए
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के बेटे से जुड़ी साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक साइबर ठग ने कथित तौर पर मंत्री के बेटे अमित कुमार निषाद के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हुए फर्जी बैंक अकाउंट और UPI ID बना ली और उनके नाम पर आने वाला पार्टी फंड का पैसा उड़ा लिया। इस ठगी में अमित को करीब 20,000 रुपये का नुकसान हुआ है।
अमित कुमार निषाद की शिकायत पर गोरखपुर जनपद की शाहपुर थाना पुलिस ने समरीन अली नामक व्यक्ति के खिलाफ शुक्रवार शाम एफआईआर दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
अमित निषाद ने अपनी शिकायत में बताया कि वह लंबे समय से एक ही एयरटेल नंबर इस्तेमाल कर रहे हैं। जालसाज ने उसी मोबाइल नंबर का उपयोग करके गूगल पे पर एक खाता बनाया और अपनी बैंक डिटेल उसमें जोड़ ली। आरोप है कि पार्टी के किसी कार्यकर्ता या समर्थक द्वारा दी जाने वाली सहयोग राशि (पार्टी फंड) इस फर्जी खाते में जा रही थी।
जाँच में सामने आया कि आरोपी ने अमित के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करके बैंक खाता खोला और UPI ID सक्रिय की। 31 मार्च 2025 को उनके खाते में भेजे गए 20 हजार रुपये भी फर्जी खाते में ट्रांसफर हो गए। अमित का कहना है कि यह कई बार हो चुका है और उन्होंने पुलिस व अधिकारियों से फर्जी खाते को बंद कराने और आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने की माँग की है। शाहपुर थाने के प्रभारी नीरज कुमार राय ने बताया कि मामले की जाँच जारी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: मुरादाबाद में बीएलओ ने किया सुसाइड, SIR अभियान के टारगेट और दबाव से परेशान टीचर ने लगाई फाँसी

