इंडिगो यात्रियों को राहत, DGCA ने क्रू की छुट्टियों से जुड़ा आदेश लिया वापस

Sandesh Wahak Digital Desk: पिछले दो दिनों से इंडिगो एयरलाइन्स में उड़ानों के अचानक रद्द होने और देरी के कारण मची अफरा-तफरी अब खत्म होने की ओर है। विमानन नियामक डीजीसीए (DGCA) ने क्रू सदस्यों (फ्लाइट अटेंडेंट) की साप्ताहिक विश्राम संबंधी छुट्टियों के रोस्टर से जुड़ा अपना पुराना आदेश तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है।

डीजीसीए ने यह फैसला विभिन्न एयरलाइनों से प्राप्त अनुरोधों के बाद लिया है, ताकि चल रहे परिचालन व्यवधानों को जल्द से जल्द खत्म किया जा सके और परिचालन की स्थिरता सुनिश्चित हो सके।

यह आदेश गृह मंत्री अमित शाह को इंडिगो मामले की जानकारी देने के बाद वापस लिया गया। डीजीसीए ने उस प्रावधान को वापस लिया है जो क्रू के लिए साप्ताहिक आराम (रेस्ट) के बदले छुट्टी का उपयोग करने से रोकता था। इस आदेश के तुरंत लागू होने से एयरलाइन के पास अब क्रू रोस्टर को व्यवस्थित करने की अधिक छूट होगी।

सीईओ ने मांगी माफ़ी और दिया भरोसा

इंडिगो एयरलाइन्स के सीईओ पीटर एल्बर्स ने इस संकट पर ग्राहकों से माफ़ी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया, हम हर दिन करीब 3 लाख 80 हजार ग्राहकों को सेवा देते हैं… पिछले कुछ दिनों में हम उस वादे पर खरे नहीं उतरे… हमने इसके लिए सबसे माफी मांगी है।

एल्बर्स ने मौजूदा संकट के लिए कई चुनौतियों को जिम्मेदार ठहराया, जिसमें छोटी-मोटी तकनीकी खराबियां, शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम, एविएशन इकोसिस्टम में भीड़ और नए FDTL (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) नियम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नेटवर्क के बड़े आकार के कारण ये रुकावटें और बड़ी हो गईं।

डीजीसीए को सौंपी गई रिपोर्ट में, इंडिगो ने भरोसा दिलाया है कि अगले 48 घंटों में हालात बेहतर हो जाएंगे। हालांकि, सीईओ एल्बर्स ने कहा कि ऑपरेशन को तुरंत सामान्य करना और उड़ानों की समयबद्धता (punctuality) को पटरी पर लाना आसान लक्ष्य नहीं है, लेकिन यही उनका पहला लक्ष्य है।

Also Read: Rampur News: दो पासपोर्ट मामले में अब्दुल्ला आजम को 7 साल की सज़ा, कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.