बरेली: हर्ष फायरिंग बनी जानलेवा, विदाई के दौरान दूल्हे के दोस्त ने चलाई गोली, एक बाराती की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के आंवला तहसील क्षेत्र के सिरौली इलाके में एक विवाह समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक बाराती की जान ले ली। सिरौली थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में रविवार रात निकाह के बाद दुल्हन की विदाई चल रही थी, तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।
शिवपुरी गांव, सिरौली क्षेत्र में रात लगभग 9 बजे विदाई कार्यक्रम के दौरान, दूल्हे का एक दोस्त तमंचा लेकर हर्ष फायरिंग करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहली बार तमंचे से गोली नहीं चली। जब आरोपी तमंचा देख रहा था, तभी अचानक गोली चल गई और सिठौरा निवासी बाराती रिजवान के सिर में जा लगी। गोली लगने के बाद रिजवान नीचे गिर पड़े। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

आरोपी फरार और पुलिस कार्रवाई
हादसे के बाद आरोपी (जो रामपुर के शाहबाद के रघुनाथपुर का रहने वाला बताया गया है) मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिरौली पुलिस और सीओ आँवला नितिन कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने बारातघर में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र कराए गए हैं। उच्च अधिकारियों ने बताया है कि मामले की गहन जाँच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Also Read: ‘बिग बॉस 19’ की चमचमाती ट्रॉफी गौरव खन्ना के नाम, इन 5 प्रमुख कारणों से मिली जीत

