लव, ब्लैकमेल और सुसाइड: मीनाक्षी शर्मा की भूमिका संदिग्ध, इंस्पेक्टर को ब्लैकमेल करने का आरोप  

Sandesh Wahak Digital Desk: जालौन के कुठौंद थाने में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय द्वारा अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या करने के सनसनीखेज मामले में एक महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी शर्मा की संदिग्ध भूमिका सामने आई है। पुलिस मीनाक्षी के आईफोन की कॉल डिटेल्स और चैट्स के जरिए मामले की गुत्थी सुलझाने की कोशिश कर रही है।

ब्लैकमेलिंग और पैसों की डिमांड

सूत्रों के हवाले से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। कॉन्स्टेबल मीनाक्षी शर्मा (जो फरवरी 2026 में शादी करने वाली है) कथित तौर पर इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय से अपनी शादी का खर्च उठाने के लिए रुपयों की डिमांड कर रही थी।

आरोप है कि मीनाक्षी ने इंस्पेक्टर के कुछ प्राइवेट वीडियो अपने मोबाइल में रखे थे, जिसका सहारा लेकर वह उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। धमकी दी जा रही थी कि मांग पूरी न होने पर वीडियो इंस्पेक्टर की पत्नी को भेज दिए जाएंगे। घटना से ठीक पहले दोनों के बीच मोबाइल पर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद इंस्पेक्टर ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अपनी जान दे दी।

पीलीभीत में भी रेप और ब्लैकमेलिंग का केस

मीनाक्षी शर्मा का आपराधिक रिकॉर्ड जालौन से पहले की तैनाती पीलीभीत से भी जुड़ा है। पीलीभीत में एक सिपाही ने मीनाक्षी पर रेप का झूठा मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया था। उस सिपाही ने दावा किया था कि मीनाक्षी ने पहले लव अफेयर के जरिए उसे निशाना बनाया, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और फिर ₹25 लाख रुपये मांगे। डिमांड पूरी न होने पर फर्जी रेप केस दर्ज कराया गया। सिपाही ने यह भी आरोप लगाया है कि मीनाक्षी, उसके पिता और भाई मिलकर इसी तरह कई पुलिसकर्मियों को फंसाकर ब्लैकमेल कर चुके हैं।

पुलिस जांच और आय की जाँच

मीनाक्षी शर्मा की पहली पोस्टिंग 2019 में सिपाही बनने के बाद पीलीभीत में हुई थी। 3 अक्टूबर 2022 को उसका तबादला जालौन कर दिया गया, जहाँ कोंच कोतवाली में तैनाती के दौरान उसकी नजदीकियां तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय से बढ़ी थीं।

एसपी दुर्गेश कुमार ने बताया कि मीनाक्षी शर्मा को हिरासत में ले लिया गया है और हर एंगल पर जाँच जारी है। पुलिस मीनाक्षी की ब्रांडेड कपड़ों और लग्जरी लाइफ को देखते हुए उनकी आय के स्रोतों की भी जाँच करेगी।

Also Read: यूपी एसटीएफ ने मथुरा से गांजा तस्कर को किया गिरफ्तार, 50 लाख का मादक पदार्थ बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.