Kushinagar News: किसानों एवं कृषि छात्रों के लिए कल्याणकारी योजनाओं की बहार
पडरौना, कुशीनगर। सचिव कृषि उत्पादन मण्डी समिति दिलीप कुमार वर्मा ने बताया कि समिति द्वारा राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद लखनऊ के निर्देशन में जनपद में संचालित विभिन्न किसान हितैषी एवं कल्याणकारी योजनाओं को अस्तित्व मिला है। योजनाओं का उद्देश्य किसानों, कृषि छात्रों एवं दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री किसान उपहार योजना
इस योजना के अंतर्गत कृषकों द्वारा मंडी समिति के माध्यम से कृषि उपज विक्रय करने की दशा में प्रवेश पर्ची एवं प्रपत्र संख्या 6 के आधार पर कृषकों को 5 हजार रूपये मूल्य पर इनामी कूपन निर्गत कर मासिक, त्रैमासिक एवं छमाही ड्रॉ के माध्यम से उपहार प्रदान किए जाने की व्यवस्था लागू हैं।
मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना
कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि महाविद्यालयों एवं कृषि संस्थानों में अध्ययनरत कृषि एवं होम साइंस संकाय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के छात्र-छात्राओं को 3 हजार रूपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। जनपद में विभिन्न संस्थानों के पात्र छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना
दुर्घटना की स्थिति में कृषकों अथवा उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने के क्रम में बताया कि दुर्घटना में मृत्यु होने पर 3 लाख रूपये, दोनों हाथ या पैर या दोनों आँखों की क्षति पर 75 हजार रूपये, एक हाथ, एक पैर अथवा एक आँख की क्षति पर 40 हजार रूपये, एक हाथ के साथ चार अंगुलियों की क्षति पर 30 हजार रूपये, एक हाथ के साथ तीन अंगुलियों की क्षति पर 25 हजार रूपये, अंगूठे की क्षति पर 20 हजार रूपये, एक हाथ की दो अंगुलियों की क्षति पर 15 हजार रूपये, किसी एक अंगुली की क्षति पर 5 हजार रूपये की क्षतिपूर्ति दी जायेगी। बताया कि इस योजना के अंतर्गत आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाता है।
मुख्यमंत्री खेत खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना
सचिव ने बताया कि अग्निकांड से फसल, खेत खलिहान की क्षति होने पर प्रभावित कृषकों को सहायता प्रदान की जाती है। 2.5 एकड़ तक क्षति पर अधिकतम 30 हजार रूपये, 2.5 से 5 एकड़ तक क्षति पर अधिकतम 40 हजार रूपये, 5 एकड़ से अधिक क्षति पर अधिकतम 50 हजार रूपय दिया जायेगा। इस योजना में भी आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाता है। सचिव ने कृषि उत्पादन मंडी समिति, कुशीनगर ने जनपद के कृषकों एवं पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा समय से ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करें।
रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल
Also Read: सिद्धार्थनगर: बाइक सवार नकाबपोश लड़की ने मेडिकल स्टोर के काउंटर से उड़ाए हजारों रुपये,CCTV में कैद

