बांदा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 13 साल से फरार 1 लाख का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की बांदा पुलिस ने एक दशक से भी अधिक समय से फरार चल रहे अति-वांछित अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 1 लाख के इनामी इस बदमाश को एसओजी (SOG) और मटौंध थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

2012 का वह दुस्साहसिक कांड

यह अपराधी वर्ष 2012 से पुलिस और एसटीएफ के लिए सिरदर्द बना हुआ था। 13 साल पहले पेशी से वापस लौटते समय इस बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों की आँखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया था और सरकारी राइफल लूटकर फरार हो गया था। उस समय कुल 13 कैदी एक साथ फरार हुए थे।

13 साल बाद खत्म हुआ पुलिस का इंतजार

फरार हुए 13 कैदियों में से 12 को पुलिस ने 2015 तक गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन यह मोस्ट वांटेड अपराधी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओजी टीम को इसकी सटीक लोकेशन मिली, जिसके बाद मटौंध क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान इसे दबोच लिया गया।

अपराध मुक्त जनपद की ओर बढ़ते कदम

एसपी पलाश बंसल ने बताया कि जनपद में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान जारी है। इस शातिर अपराधी की गिरफ्तारी बांदा पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि यह पिछले 13 वर्षों से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा दे रहा था।

Also Read: UP Politics: मतदाता सूची से 2.89 करोड़ नाम हटने पर घमासान, अखिलेश यादव के दावे से बढ़ी सियासी हलचल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.