पाकिस्तान में इमरान खान की बहन अलीमा खान गिरफ्तार, समर्थकों में बढ़ा अक्रोश

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान में सेना प्रमुख आसिम मुनीर और शहबाज सरकार का इमरान खान के प्रति डर एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। मंगलवार को इमरान खान से मिलने अडियाला जेल पहुंची उनकी बहनों और समर्थकों पर पुलिस ने आधी रात के बाद बर्बर कार्रवाई की। इमरान की बहन अलीमा खान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि प्रदर्शन कर रहे समर्थकों को हटाने के लिए दिसंबर की इस कड़ाके की ठंड में वॉटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल किया गया।

हैरानी की बात यह है कि अदालत ने हर मंगलवार को इमरान खान के करीबियों को उनसे मिलने की इजाजत दी है। इसी आदेश के तहत इमरान की बहनें जेल पहुंची थीं। लेकिन जब जेल प्रशासन ने मुलाकात से साफ इनकार कर दिया, तो वे जेल के बाहर ही धरने पर बैठ गईं। मुनीर प्रशासन को यह विरोध इतना नागवार गुजरा कि भारी पुलिस बल भेजकर जबरन गिरफ्तारी और कार्रवाई शुरू कर दी गई।

गिरफ्तारी के वक्त अलीमा खान बेहद गुस्से में दिखीं और उन्होंने सेना प्रमुख आसिम मुनीर पर सीधा हमला बोला। उन्होंने गरजते हुए कहा, हम इस मुल्क के नागरिक हैं और यह हमारा हक है। आप 25 करोड़ लोगों को देश से बाहर नहीं निकाल सकते। इन्होंने मुल्क को बेचना शुरू कर दिया है, लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे। इंशाअल्लाह, जल्द ही लोग सड़कों पर उतरेंगे क्योंकि अब हमारे पास न कोई अदालत बची है और न ही कोई कानून। जब कानून ये खुद तोड़ रहे हैं, तो लोग अपना कानून खुद बहाल करवाएंगे।

समर्थकों ने भरी हुंकार, गूंजे मुनीर विरोधी नारे

अलीमा खान की गिरफ्तारी के दौरान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे। पुलिस की लाठियों और ठंडे पानी की बौछारों के बावजूद समर्थकों ने पीछे हटने से इनकार कर दिया। जेल के बाहर आसिम मुनीर मुर्दाबाद और शहबाज शरीफ इस्तीफा दो के नारे गूंजते रहे। समर्थकों का कहना है कि जिस तरह उनके नेता इमरान खान जेल की सलाखों के पीछे डटे हैं, वैसे ही वे भी उनके परिवार के साथ सड़कों पर डटे रहेंगे।

Also Read: चमोली टनल हादसा: सुरंग के भीतर आपस में टकराईं दो लोको ट्रेनें, 60 मजदूर घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.