लखनऊ: कुर्सी रोड की बगिया कॉलोनी में जलभराव का संकट, नगर आयुक्त ने खुद मौके पर जाकर जाना हाल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के कुर्सी रोड स्थित गुडंबा बगिया कॉलोनी के लोग पिछले काफी समय से जलभराव और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे हैं। इस गंभीर मुद्दे को संज्ञान में लेते हुए मंगलवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार खुद कॉलोनी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय निवासियों की परेशानियों को सुना और अधिकारियों को तुरंत राहत देने के निर्देश दिए।

क्यों पैदा हुई यह समस्या?

निरीक्षण के दौरान कॉलोनीवासियों ने नगर आयुक्त को बताया कि यहां 70 से ज्यादा मकान हैं और करीब ढाई हजार लोग रहते हैं। पहले पानी की निकासी पास के एक खाली प्लॉट के जरिए हो जाती थी। लेकिन हाल ही में स्पोर्ट्स कॉलेज प्रशासन द्वारा वहां दीवार खड़ी कर देने से पानी का रास्ता बंद हो गया है। नतीजा यह है कि अब गंदा पानी कॉलोनी में ही जमा हो रहा है, जिससे बीमारियाँ फैलने का डर और आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है।

“अभी निकालें पानी, कल होगा स्थायी इंतजाम”

नगर आयुक्त ने मौके पर ही जोन-7 के अधिशासी अभियंता और जलकल विभाग की टीम को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि जलकल विभाग की टीम तुरंत पंप लगाकर या अन्य अस्थायी उपायों से जमा पानी को बाहर निकाले। स्पोर्ट्स कॉलेज प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाए ताकि किसी के काम में बाधा न आए।

कल स्पोर्ट्स कॉलेज के साथ होगा साझा निरीक्षण

समस्या के पक्के समाधान के लिए नगर आयुक्त ने बताया कि बुधवार को नगर निगम और स्पोर्ट्स कॉलेज प्रशासन की टीम मिलकर स्थलीय निरीक्षण करेगी। इसमें नाला निर्माण या पानी निकासी के वैकल्पिक रास्तों जैसे तकनीकी पहलुओं पर चर्चा होगी।

निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद, चीफ इंजीनियर महेश वर्मा और जीएम जलकल कुलदीप सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कॉलोनी के लोगों को उम्मीद है कि नगर आयुक्त के इस दखल के बाद उन्हें जल्द ही नरकीय जीवन से छुटकारा मिलेगा।

Also Read: UP पुलिस का एक्शन: सीतापुर में ‘अम्बानी’ और ‘पहाड़ी’ समेत 6 चोर गिरफ्तार, करोड़ों की अवैध शराब बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.