धार में कड़ी सुरक्षा के बीच भोजशाला स्थल पर सरस्वती पूजा शुरू, दोपहर में होगी नमाज
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के विवादित भोजशाला-कमल मौला मस्जिद परिसर में आज श्रद्धा और सुरक्षा का कड़ा पहरा है। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालु मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। चूंकि आज शुक्रवार भी है, इसलिए दोपहर में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा करने आएंगे। प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है।
इस संवेदनशील मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। अदालत ने व्यवस्था दी है कि हिंदू पक्ष सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक मां सरस्वती की पूजा और दर्शन कर सकेंगे। वहीं मुस्लिम पक्ष दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच परिसर में जुमे की नमाज अदा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
बसंत पंचमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने ‘X’ पर लिखा कि मां सरस्वती की कृपा से सभी का जीवन ज्ञान, सुख और समृद्धि से परिपूर्ण हो।
किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए धार प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। 8,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टीमें तैनात की गई हैं। धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया या किसी भी माध्यम से नफरत फैलाने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

