लखनऊ: अलीगंज के ‘पेन्टा हाउस कैफे’ में चल रहा था अवैध हुक्का बार, पुलिस ने 7 आरोपियों को दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में अवैध हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने सेक्टर-बी स्थित ‘पेन्टा हाउस कैफे’ पर छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 11 हुक्के और हुक्का पाइप समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
2 फरवरी की रात थाना अलीगंज पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-बी स्थित पेन्टा हाउस कैफे में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कैफे की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने सभी सात अभियुक्तों को घेरकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने मौके से अतुल रावत, इनायत अली, अरुण कुमार, अभिषेक तिवारी, विभूम शर्मा उर्फ हर्ष, प्रत्यूष वर्मा और रणविजय सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच है और ये लखनऊ तथा आसपास के जनपदों के निवासी हैं।
विधिक कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलीगंज थाने में मु0अ0सं0 23/26 के तहत सिगरेट और तम्बाकू उत्पाद अधिनियम 2023 (COTPA) की धारा 4/25 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया है। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। इस सफल कार्रवाई को उपनिरीक्षक धर्मराज सिंह, विपिन सिंह, शनि तोमर और प्रगति सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
Also Read: सीतापुर: हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास का भव्य स्वागत, बोले– ‘एकता में ही शक्ति है’

