बिजनौर में फर्जी डिप्टी डायरेक्टर मनोज गिरफ्तार, एसटीएफ ने गुलमोहर रेस्टोरेंट से दबोचा
Bijnor News: मेरठ एसटीएफ ने बिजनौर के धामपुर इलाके में एक ऐसे शातिर जालसाज का भंडाफोड़ किया है, जो खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का डिप्टी डायरेक्टर बताकर घूम रहा था। आरोपी मनोज चौहान न केवल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर धौंस जमाता था, बल्कि उन पर गलत काम करने के लिए दबाव भी बनाता था।
एसटीएफ मेरठ को लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि बिजनौर इलाके में कोई शख्स खुद को दिल्ली का आला अधिकारी बताकर सरकारी काम में दखल दे रहा है। शुक्रवार को एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी की और धामपुर के नगीना रोड स्थित गुलमोहर रेस्टोरेंट के पास से आरोपी मनोज चौहान (निवासी त्रिलोकावाला, नगीना) को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में सामने आया कि मनोज का अंदाज इतना शातिर था कि वर्दीधारी अफसर भी उसे सच में बड़ा अधिकारी मान बैठते थे। वह अफसरों से बातचीत में खुद को दिल्ली इंटेलिजेंस का हाई-प्रोफाइल अफसर बताता था और काम न होने पर उन्हें करियर खराब करने तक की धमकी दे देता था। इसी रौब के दम पर वह अपना निजी स्वार्थ सिद्ध कर रहा था।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ आरोपी को धामपुर कोतवाली ले गई, जहाँ उससे कड़ी पूछताछ की गई। पुलिस अब इन बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपी के पास से बरामद फर्जी पहचान पत्र कहाँ से बने? उसने अब तक किन-किन बड़े अधिकारियों को अपने झांसे में लिया? क्या इस खेल में वह अकेला था या उसके पीछे कोई पूरा गिरोह काम कर रहा है?

