झुका नेटफ्लिक्स, विवादित फिल्म घूसखोर पंडत का बदला जाएगा नाम, दिल्ली हाईकोर्ट में दी जानकारी

Sandesh Wahak Digital Desk: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म को लेकर उठा विवाद अब खत्म होने की राह पर है। फिल्म के टाइटल ‘घूसखोर पंडत’ पर मचे बवाल के बाद नेटफ्लिक्स ने दिल्ली हाईकोर्ट में साफ कर दिया है कि वे फिल्म का नाम बदल रहे हैं। कंपनी ने अदालत को भरोसा दिलाया है कि फिल्म के नाम से आपत्तिजनक शब्द हटा दिए जाएंगे।

नीरज पांडे के निर्देशन में बनी और मनोज बाजपेयी स्टारर इस फिल्म के नाम को लेकर एडवोकेट विनीत जिंदल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि घूसखोर शब्द को पंडित (ब्राह्मण समुदाय) से जोड़ना अपमानजनक और छवि खराब करने वाला है। इस तरह के टाइटल से सांप्रदायिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है। याचिकाकर्ता ने फिल्म की रिलीज और स्ट्रीमिंग पर तुरंत रोक लगाने की मांग की थी।

सुनवाई के दौरान नेटफ्लिक्स के वकीलों ने अदालत को बताया कि वे जनभावनाओं का सम्मान करते हुए फिल्म का टाइटल बदल रहे हैं। नया नाम जल्द ही तय किया जाएगा। इसके साथ ही, फिल्म से जुड़े सभी विवादित पोस्ट और प्रमोशनल मटेरियल को सोशल मीडिया से पहले ही हटा लिया गया है।

याचिकाकर्ता विनीत जिंदल ने इसे ब्राह्मण समुदाय की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा, ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को यह समझना होगा कि वे किसी विशेष समुदाय को टारगेट नहीं कर सकते। कोर्ट ने इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा, याचिका का निपटारा कर दिया गया है। चूंकि ओटीटी पर सेंसर बोर्ड (CBFC) का सीधा नियंत्रण नहीं होता, इसलिए कोर्ट ने सरकार और संबंधित अथॉरिटीज को कंटेंट वेरीफाई करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि अगर फिल्म रिलीज होने के बाद भी इसके कंटेंट में कुछ आपत्तिजनक मिलता है, तो याचिकाकर्ता दोबारा कानूनी रास्ता अपना सकते हैं।

Also Read: ‘कयामत तक भी नहीं बनेगा बाबरी ढांचा’, बाराबंकी में सीएम योगी बोले- ऐसे लोगों के खिलाफ होगी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.