Azerbaijan में किडनैप हुए गुजरात के कपल को 24 घंटे में मिली आजादी
Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के आनंद जिले के एक कपल को गैरकानूनी रास्ते से अमेरिका जाने की कोशिश के दौरान अजरबैजान (Azerbaijan) में किडनैप कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने उनकी रिहाई के लिए फिरौती की मांग की थी। इस घटना की जानकारी परिवार ने अपने जिले के सांसद को दी। भारत के विदेश मंत्रालय और स्थानीय सांसद की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
सांसद की पहल से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
गुजरात के सांसद मितेश पटेल ने एक वीडियो बयान जारी कर बताया कि अजरबैजान (Azerbaijan) में किडनैप किए गए कपल को 24 घंटों के अंदर विदेश मंत्रालय की मदद से रिहा करा लिया गया। ध्रुव पटेल और उनकी पत्नी दीपिका एजेंट्स की मदद से अमेरिका जाने का रास्ता तलाश रहे थे, लेकिन इसी दौरान उन्हें किडनैप कर लिया गया।
यहां परिवार ने सांसद मितेश पटेल से मदद मांगी जिसके बाद सांसद ने तुरंत विदेश मंत्रालय से उच्च स्तर पर बात की और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने अजरबैजान (Azerbaijan) में भारतीय दूतावास को तुरंत एक्शन में लगाया। 24 घंटे के भीतर दोनों को बचाकर राजधानी बाकू स्थित भारतीय दूतावास लाया गया, जहां वे अब सुरक्षित हैं।
युवाओं को एजेंट्स से सावधान रहने की सलाह
सांसद मितेश पटेल ने युवाओं से अपील की कि वे इस तरह के एजेंट्स पर भरोसा कर विदेश जाने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश और गुजरात में मौजूद अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। साथ ही उन्होंने विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
दरअसल आनंद के ध्रुव पटेल और उनकी पत्नी दीपिका एजेंट्स की मदद से अमेरिका जाने का रास्ता तलाश रहे थे। सांसद के मुताबिक एजेंट्स ने उन्हें अमेरिका पहुंचाने के लिए गैरकानूनी रास्ते का भरोसा दिया था। इसी दौरान अजरबैजान (Azerbaijan) में उनका अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने परिवार को वीडियो कॉल कर फिरौती मांगी और पैसा न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी।
Also Read: Lucknow News: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी उन्नाव से गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

