लखनऊ: गोमतीनगर में सक्रिय ‘तार चोर’ गिरोह का पर्दाफाश, कई अधिकारियों के घर चोरी का खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके गोमतीनगर में निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना गोमतीनगर पुलिस की टीम ने शहीद पथ अंडरपास के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, साथ ही दो किशोरों (बाल अपचारी) को भी संरक्षण में लिया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के 06 बंडल बिजली के तार बरामद किए हैं।
हाईप्रोफाइल घरों को बनाया था निशाना
इस गिरोह की गिरफ्तारी से गोमतीनगर में हुई चोरी की दो बड़ी वारदातों का सफल अनावरण हुआ है।
पहला मामला: जिला गन्ना अधिकारी (बाराबंकी) श्रीमती अलका वर्मा के निर्माणाधीन मकान से बिजली के बोर्ड काटकर तार चोरी किए गए थे।
दूसरा मामला: NDTV के ब्यूरो चीफ रणवीर सिंह के विरामखण्ड स्थित निर्माणाधीन मकान में इस गिरोह ने एक ही सप्ताह में दो बार हाथ साफ किया था। चोरों ने करीब 40 हजार रुपये की एसी कॉपर पाइप और 30 हजार रुपये के बिजली के तार चोरी किए थे।
शहीद पथ अंडरपास से हुई गिरफ्तारी
बृहस्पतिवार (12 फरवरी) को पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर शहीद पथ अंडरपास के नीचे रेलवे लाइन के पास पहुंची। घेराबंदी कर पुलिस ने शुभम कन्नौजिया (18 वर्ष) और राकेश निषाद (21 वर्ष) को दबोच लिया। इनके साथ मौजूद दो किशोरों को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने विरामखण्ड के विभिन्न मकानों से चोरी करने की बात स्वीकार की है।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 06 बंडल तार (जिनमें 4 छिले हुए हैं) बरामद किए हैं। पुलिस ने दर्ज मुकदमों में चोरी का माल बरामद होने के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है, जबकि बाल अपचारियों के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है।

