बाराबंकी में दरिंदगी: थाने के पीछे किशोरी को जिंदा जलाया, लखनऊ में मौत; दम तोड़ने से पहले आरोपी का नाम बताया
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक रूहानी घटना सामने आई है। मोहम्मदपुर खाला थाना परिसर से महज 100 मीटर की दूरी पर एक 17 वर्षीय किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी ने लखनऊ के सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, लेकिन मरने से पहले उसने एक आरोपी का नाम उजागर किया है।
शौच के लिए गई थी किशोरी
परिजनों के अनुसार, किशोरी बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:00 बजे घर से शौच के लिए निकली थी। महज 15 मिनट बाद (12:16 बजे) परिजनों को सूचना मिली कि वह घर से 150 मीटर दूर एक खेत में जली हुई हालत में तड़प रही है। घटनास्थल से पुलिस को पेट्रोल का एक डिब्बा और पानी की बोतल मिली है। किशोरी लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। उसके शरीर पर कपड़े नहीं बचे थे, जिसके बाद ग्रामीणों ने मचान पर रखी रजाई से उसे ढंका।
मरने से पहले का बयान
अस्पताल ले जाते समय किशोरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने पास के ही एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक का नाम लिया है। उसने बताया कि युवक ने उसे धमकी दी थी कि “फूंक देंगे”। बयान देते समय किशोरी की आवाज लड़खड़ाने लगी और वह शांत हो गई।
पीड़िता के परिवार ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस जघन्य कृत्य में दो से तीन लोग शामिल हो सकते हैं। मौके पर किशोरी की निर्वस्त्र हालत और पेट्रोल की मौजूदगी सोची-समझी साजिश की ओर इशारा कर रही है।
एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम लगाई गई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। किशोरी द्वारा नामजद किए गए पेट्रोल पंप कर्मचारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों ही एंगल पर जांच कर रही है, हालांकि परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस का ध्यान मुख्य रूप से हत्या और दुष्कर्म पर केंद्रित है।

