Kanpur News: जेल से गैंग चला रहा है हत्यारा संजय यादव, व्यापारी के बेटे पर हमले की साजिश में नाम आने से मचा हड़कंप

Kanpur News: कानपुर की जिला जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा संजय यादव पुलिस और प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गया है। जेल के सुरक्षित घेरे में होने के बाद भी उस पर मोबाइल के इस्तेमाल और बाहरी दुनिया से संपर्क साधकर वारदातों को अंजाम देने के संगीन आरोप लग रहे हैं।

संजय यादव कोई मामूली अपराधी नहीं है। उसे साल 2019 के चर्चित शिवम अपहरण एवं हत्याकांड में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। साल 2025 में धोखाधड़ी (धारा 420) के एक मामले में उसे 10 साल की अतिरिक्त सजा भी सुनाई गई। वह अपराध संख्या 648/2009 में पहले से ही दोषसिद्ध अपराधी है।

जेल के अंदर से साजिश का आरोप

हाल ही में पनकी थाने में दर्ज एक मामले (क्राइम नंबर 28/2025) ने सबको चौंका दिया है। आरोप है कि पनकी क्षेत्र के एक बड़े व्यापारी के बेटे पर हुए जानलेवा हमले के पीछे संजय यादव का दिमाग था। सूत्रों का कहना है कि उसने जेल के भीतर बैठकर ही इस हमले की पूरी स्क्रिप्ट तैयार की थी।

खबरों की मानें तो संजय यादव जेल के अंदर से युवाओं का एक बड़ा गिरोह संचालित कर रहा है। इस गिरोह को बाहर से पनकी सी-ब्लॉक निवासी अभय यादव द्वारा मैनेज किए जाने की बात सामने आ रही है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि जब संजय यादव को कोर्ट में पेशी पर ले जाया जाता है, तो उसके साथ बड़ी संख्या में संदिग्ध युवक मौजूद रहते हैं, जो एक तरह का शक्ति प्रदर्शन जैसा प्रतीत होता है।

जेल प्रशासन पर उठे सवाल

इस मामले ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर कई तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या जेल के अंदर मोबाइल फोन का बेधड़क इस्तेमाल हो रहा है? एक सजायाफ्ता अपराधी बाहरी दुनिया से लगातार संपर्क में कैसे है? क्या जेल के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से यह सब मुमकिन हो रहा है?

Also Read: सीएम योगी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 2.51 लाख किसानों को क्षतिपूर्ति राशि का किया वितरण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.