Basti News: इंसानियत हुई शर्मसार, 13 और 14 साल की रेप पीड़िताओं ने बच्चों को दिया जन्म

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कैली अस्पताल में सोमवार को जो नजारा दिखा, उसने वहां मौजूद हर शख्स को अंदर से झकझोर दिया। यहां दो नाबालिग लड़कियों ने बच्चों को जन्म दिया, जिनकी अपनी उम्र अभी खेलने-पढ़ने की थी। इनमें से एक बच्ची महज 13 साल की है और दूसरी 14 साल की।

डर की वजह से 6 महीने तक छिपाई दरिंदगी

नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली 13 वर्षीय बच्ची के साथ उसी के गांव के संजय नाम के व्यक्ति ने खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया था। मासूम बच्ची इस कदर डरी हुई थी कि उसने महीनों तक किसी को कुछ नहीं बताया। जब वह 6 माह की गर्भवती हो गई, तब जाकर परिजनों को इस घिनौनी करतूत का पता चला। परिजनों ने तुरंत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन तब तक मासूम का बचपन उजड़ चुका था।

दूसरी घटना और भी ज्यादा दर्दनाक है, जो गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र से जुड़ी है। यहां एक 14 साल की नाबालिग बच्ची अपने ही सगे भाई की हवस का शिकार बनी। घर के भीतर हुई इस वारदात ने रिश्तों की मर्यादा को पूरी तरह खत्म कर दिया। इस मामले में भी आरोपी भाई को एफआईआर के बाद जेल भेज दिया गया है।

अस्पताल में हुई दोनों की डिलीवरी

सोमवार को कैली अस्पताल में इन दोनों नाबालिग बेटियों की डिलीवरी कराई गई। अस्पताल के स्टाफ का कहना है कि इतनी कम उम्र में मां बनने के शारीरिक और मानसिक दर्द को देख पाना बेहद मुश्किल था। फिलहाल दोनों बच्चियां और उनके बच्चे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ही मामलों के आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट (POCSO) और रेप की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Also Read: सिंगापुर के साथ यूपी की बड़ी रणनीतिक साझेदारी, इन्वेस्ट यूपी व एससीई के बीच एमओयू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.