ईरान में गिरा सेना का हेलीकॉप्टर, पायलट समेत 4 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के मध्य भाग से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है। मंगलवार को ईरानी वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण इस्फहान प्रांत के दोर्चेह शहर में एक व्यस्त फल और सब्जी बाजार में गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम चार लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है।

ईरानी सरकारी टेलीविजन के मुताबिक, यह हादसा राजधानी तेहरान से करीब 330 किलोमीटर दक्षिण में हुआ। हेलीकॉप्टर उस समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ जब वह एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान (Training Flight) पर था। जैसे ही हेलीकॉप्टर बाजार में गिरा, वहां आग लग गई और चारों तरफ काला धुआं फैल गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट और सह-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जमीन पर मौजूद दो स्थानीय लोग भी इस मलबे की चपेट में आने से अपनी जान गंवा बैठे।

यह दुर्घटना इस्फहान प्रांत में हुई है, जो सामरिक और सैन्य दृष्टि से ईरान का बेहद संवेदनशील इलाका है। यहाँ ईरान का प्रमुख परमाणु केंद्र स्थित है। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल जून में ईरान-इजरायल युद्ध के दौरान अमेरिका ने इसी परमाणु स्थल को निशाना बनाया था। हेलीकॉप्टर का इस क्षेत्र के करीब गिरना सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है।

ईरान में विमान हादसों का इतिहास काफी पुराना और घातक रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए कड़े प्रतिबंधों के कारण ईरान को अपने विमानों और हेलीकॉप्टरों के लिए नए स्पेयर पार्ट्स नहीं मिल पा रहे हैं। यही वजह है कि ईरान आज भी दशकों पुराने सैन्य बेड़े पर निर्भर है, जो आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं।

Also Read: SIR वैरिफिकेशन के लिए कलकत्ता HC को पड़ोसी राज्यों से जजों की नियुक्ति की इजाजत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.