तालिबान के ड्रोन हमले में पाकिस्तान के मिलिट्री बेस और कमांड सेंटर तबाह, रक्षा मंत्रालय ने जारी किया हमलों का वीडियो

Sandesh Wahak Digital Desk: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद अब सीधे सैन्य संघर्ष में बदल गया है। तालिबान के नेतृत्व वाले अफगान रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को दावा किया कि उनकी वायु सेना ने पाकिस्तान के भीतर कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर सुसाइड ड्रोन से सटीक हमले किए हैं। इन हमलों का फुटेज भी जारी किया गया है, जिसमें इमारतों से उठता धुएं का गुबार और भीषण धमाके साफ देखे जा सकते हैं।

अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11 बजे की गई। ड्रोन स्ट्राइक में पाकिस्तान के इन रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।

फैजाबाद (इस्लामाबाद के निकट): सैन्य कैंप पर हमला।

नौशेरा: सैन्य मुख्यालय (Military HQ) को निशाना बनाया गया।

जमरूद: सैन्य टाउनशिप पर सटीक प्रहार।

एबटाबाद: सेना के बड़े परिसर (Military Complex) को भारी नुकसान।

तालिबान का दावा है कि इन हमलों में पाकिस्तानी सेना के कमांड सेंटरों और बुनियादी ढांचे को सफल तरीके से ध्वस्त कर दिया गया है।

तालिबान ने स्पष्ट किया है कि यह ड्रोन हमला पाकिस्तान द्वारा पिछले दिनों अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और पक्तिया जैसे शहरों पर किए गए हवाई हमलों का करारा जवाब है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने ऑपरेशन राइटियस फ्यूरी चलाकर अफगानिस्तान के 22 सैन्य ठिकानों को नष्ट करने और 274 तालिबान लड़ाकों को मारने का दावा किया था।

ओपन वॉर की कगार पर दोनों देश

पाकिस्तान की ओर से ओपन वॉर (खुले युद्ध) की घोषणा के बाद स्थिति बेहद नाजुक हो गई है। सैटेलाइट फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य टकराव की गवाही दे रहे हैं। सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों के बीच दहशत का माहौल है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस संघर्ष के और फैलने की आशंका से चिंतित है।

Also Read: T20 World Cup 2026: भारत सेमीफाइनल में पहुंचा तो किससे होगी टक्कर? मुकाबले की तस्वीर साफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.