Pakistan Semi Final Equation: पाकिस्तान को कितने ओवर में चाहिए जीत? समझिए सेमीफाइनल का पूरा गणित
Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में सेमीफाइनल की रेस अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है।
शुक्रवार 27 फरवरी को इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
विल जैक्स और रेहान अहमद की आखिरी ओवरों में दमदार बल्लेबाजी ने इंग्लैंड को यह जीत दिलाई।
इस हार के बावजूद न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल की उम्मीदें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। उलटे, इस नतीजे से पाकिस्तान को थोड़ी राहत जरूर मिली है।
अब पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना उसके आखिरी मुकाबले के नतीजे और जीत के अंतर पर निर्भर करेगा।
ग्रुप की मौजूदा स्थिति
सुपर-8 के इस ग्रुप में इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, जबकि श्रीलंका दौड़ से बाहर हो चुका है। न्यूजीलैंड के खाते में 3 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.791 है। वहीं पाकिस्तान के पास 1 अंक है और उसका नेट रन रेट -0.100 है।
अब ग्रुप से दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच 28 फरवरी को होने वाले मुकाबले से होगा।
पाकिस्तान का सेमीफाइनल समीकरण
नेट रन रेट में न्यूजीलैंड से पीछे होने के कारण पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी—
-
अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है, तो उसे श्रीलंका को कम से कम 64 रनों से हराना होगा।
-
अगर पाकिस्तान लक्ष्य का पीछा करता है, तो उसे 13.3 ओवरों के भीतर टारगेट हासिल करना होगा।
यह मुकाबला श्रीलंका के पल्लेकेले में खेला जाएगा और भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।
न्यूजीलैंड की उम्मीदें बरकरार
न्यूजीलैंड भले ही इंग्लैंड से हार गया हो, लेकिन वह अभी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुआ है।
यदि पाकिस्तान श्रीलंका को 64 रनों से हराने में नाकाम रहता है या लक्ष्य का पीछा करते हुए 13.3 ओवर के भीतर जीत दर्ज नहीं कर पाता है, तो बेहतर नेट रन रेट के चलते न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में क्वालीफाई कर जाएगा।
कुल मिलाकर, पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा है, जहां सिर्फ जीत नहीं, बल्कि जीत का अंतर ही उसके सेमीफाइनल का टिकट तय करेगा।
Also Read: IPL 2026 की नई तारीख सामने आई, शेड्यूल बदलने पर BCCI का बड़ा फैसला

